न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
निकटवर्ती गांव अहवरनपुर में बृहस्पतिवार को दो दिवसीय शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह की बृहस्पतिवार को शुरुआत हुई। इस दौरान महाशिवरात्रि के मौके पर यह गांव आस्था के संगम में डूब गया। भाजपा के पंजाब प्रांत के महामंत्री (संगठन) दिनेश कुमार के संयोजकत्व के आयोजित इस कार्यक्रम में तमाम नामचीन हस्तियां गांव पहुंचीं। कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के पदाधिकारियों का सुबह से ही जमावाड़ा गांव में लगा रहा। सुबह वहां पूजा-अर्चना और हवन हुआ। वहां शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम हुआ।
पिछले कई दिन से गांव अहवरनपुर में इस समारोह को लेकर तैयारी चल रही थीं। कार्यक्रम के संयोजक दिनेश कुमार, जोकि आरएसएस के प्रचारक हैं और पंजाब में भाजपा के संगठन महामंत्री हैं। उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति में गांव में शिव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व स्थापना कार्यक्रम कराया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में सुबह से ही राजनेताओं और ख्याति प्राप्त हस्तियों का गांव में आना शु्रू हो गया।
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोमप्रकाश, अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, केंद्रीय पशुधन राज्य मंत्री संजीव बालियान, एटा सांसद राजवीर सिंह राजू, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, सांसद मुकेश राजपूत, जिले के प्रभारी व प्रदेश के पंचायतराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नगर विकास राज्य मंत्री महेशचंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह, आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, भाजपा के सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय, सदर विधायक हरीशंकर माहौर, कोल विधायक अनिल पाराशर, खैर विधायक अनूप वाल्मीकि, इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी सहित कई राजनेताओं का तांता लगा रहा।
इस मौके पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और हवन में मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां दी गईं। संयोजकों ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर और छविचित्र भेंटकर जोशीला स्वागत किया। इस मौके पर पौधरोपण भी किया गया।