संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोतवाली के गांव गिनौली किशनुपर के ग्रामीण ने कोतवाली में तहरीर देकर लड़का पक्ष वालों पर शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि रिश्ता तय होने के बाद शादी से कुछ दिन पहले लड़का पक्ष वाले शादी से इंकार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रवेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी बहन की शादी गांव छोटी वाद हाथरस निवासी युवक से सात लाख रुपये दहेज देकर तय की थी। सबकी रजामंदी से शादी की तारीख 17 जुलाई तय हुई थी। दिन नजदीक आने पर अब लड़का पक्ष वाले शादी से इंकार कर रहे हैं। प्रवेंद्र का कहना है कि लड़का पक्ष वाले दहेज में लिए नकद भी नहीं लौटा रहे हैं। कोतवाल प्रवेश राना का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।