संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
बार एसोसिएशन की बैठक प्रमोद कुमार सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। अधिवक्ता योगेश शर्मा की शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने पर अधिवक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त किया है। एसडीएम राजकुमार यादव को ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
दरअसल, ग्राम रुदायन में दो पक्षों के मध्य पिछले सप्ताह विवाद हो गया था। झगड़े में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दोनों पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर दे दी। एक पक्ष की रिपोर्ट दर्ज हो गई थी, लेकिन अधिवक्ता योगेश शर्मा के पक्ष की तरफ से कोई रिपोर्ट नहीं हुई थी। इसकी शिकायत एसडीएम से की गई थी। अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल भी एएसपी से भी मिला।
उन्होंने प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश पनप गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम ने मामले की गंभीरता को नहीं समझा है। मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन देकर इस मामले के निस्तारण की मांग की गई। बैठक में कृष्ण सिंह, सुभाष कुमार, चंद्रपाल सिंह, प्यारेलाल शर्मा, भंवरपाल सिंह, महेंद्रपाल सिंह, गिर्राज सिंह, सुरेश कुमार, मधुसूदन सिंह, पंकज गौड़, प्रशांत पाठक, मधुकर नगाइच, वकील सिंह तोमर, महेश सिंह आदि मौजूद थे।