ठेके पर सफाई कार्य मिला तो एडीओ पंचायत होंगे जिम्मेदार
सफाई कर्मी से होगी वेतन की वसूली, एडीओ पंचायत पर होगी विभागीय कार्रवाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ग्राम पंचायतों में ठेके पर सफाई कार्य पाए जाने पर अब सफाई कर्मी के साथ एडीओ पंचायत पर भी कार्रवाई की जाएगी। ठेके पर सफाई कार्य नहीं होने पर अब मासिक उपस्थिति प्रमाण पत्र के साथ ठेके पर सफाई कार्य नहीं होने का प्रमाण पत्र भी एडीओ पंचायत को कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र वाल्मीकि और अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य ओम प्रकाश नायक ने समीक्षा के दौरान जिले में ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारियों द्वारा स्वयं सफाई कार्य नहीं कर ठेके पर सफाई कार्य कराए जाने की बात कही थी। संबंधित विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में एक सप्ताह में अनुपालन आख्या मांगी थी।
अब इस मामले में डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राजस्व ग्रामों में तैनात सफाई कर्मियों द्वारा स्वयं सफाई कार्य किया जा रहा है या किसी सफाई कर्मी द्वारा ठेके पर सफाई कार्य तो नहीं कराया जा रहा है, इस आशय का प्रमाण पत्र माह सितंबर के मासिक उपस्थिति प्रमाण पत्र के साथ कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने की दशा में यह माना जाएगा कि ब्लॉक में ठेके पर सफाई कार्य किया जा रहा है। इस दशा में सफाई कर्मी के वेतन से वसूली की कार्रवाई की जाएगी और एडीओ पंचायत को भी जिम्मेदार मानते हुए विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।