डीएम ने कहा है कि एक नवंबर को जिले में सभी विकास खंड स्तर पर निष्पक्ष, पारदर्शिता तथा शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना निपटाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। सोमवार 26 अक्तूबर को रिजर्व सहित कुल 1,510 मतगणना कार्मिकों को दो पाली में मंडी समिति हाथरस में मतगणना के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीएम ने मतगणना कार्मिकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मतगणना प्रशिक्षण में समय से उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएम शमीम अहमद ने बताया कि 26 अक्तूबर को मंडी समिति हाथरस में पहली पाली में सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक विकास खंड हाथरस, मुरसान और हसायन के लिए रिजर्व सहित तैनात 755 मतगणना कार्मिकों को और दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से अपराह्न पांच बजे तक विकास खंड सिकंदराराऊ, सादाबाद, सहपऊ और सासनी के लिए रिजर्व सहित तैनात 755 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को गणना कार्मिकों के निर्धारित मतगणना स्थल पहुंचने पर कोडिंग-डिकोडिंग पटल से संबंधित गणना टेबिल की जानकारी प्रथम पाली के कार्मिकों को सुबह सात बजे और द्वितीय पाली के कार्मिकों को रात सात बजे दी जाएगी।
दो पालियों में की जाएगी मतगणना
निर्धारित मतगणना स्थल पर प्रथम पाली के मतगणना कार्मिक प्रात: सात बजे और द्वितीय पाली के मतगणना कार्मिक रात सात बजे तक प्रत्येक दशा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रथम पाली की मतमगणना का समय सुबह आठ से रात आठ बजे तक और द्वितीय पाली की मतगणना का समय रात्रि आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक रहेगा। प्रथम और द्वितीय पाली के कार्मिकों द्वारा गणना अगले दिन भी क्रमिक पालियों में अबाध रूप से मतगणना समाप्ति तक जारी रखी जाएगी।