वृद्ध दंपती व उसके परिजनों में सुलह कराते एसडीएम व ग्रामीण।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
मकान को परिजनों द्वारा कब्जाए जाने और शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने से बुधवार को गांव नगला अलिया के वृद्ध दंपती तहसील परिसर में तेल की बोतल और माचिस लेकर पहुंच गए थे, जिससे तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया था। बृहस्पतिवार को इस मामले में तहसील प्रशासन की पूरी टीम एसडीएम के नेतृत्व में गांव में पहुंची और ग्रामीणों व ग्राम प्रधान की उपस्थिति में वृद्ध दंपती और उसके भतीजे व अन्य परिजनों के बीच सुलह करा दी।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि गांव नगला अलिया में वृद्ध घनश्याम सिंह व उनकी पत्नी व उनके परिजनों के मध्य सुलह करा दी गई है। घनश्याम सिंह के मकान को खाली करा दिया गया है। घनश्याम सिंह का भतीजा मकान के पिछले हिस्से में खाली पड़े दो छोटे कमरों में रहेगा। उसे पीछे के हिस्से में दीवार भी लगानी होगी और पीछे की तरफ ही अपना गेट लगाना होगा। पूरी कार्यवाही लिखित रूप से हुई है। इस दौरान आरआई देेवीशरण शर्मा, लेखपाल महावीर प्रसाद, भाजपा नेता प्रीती चौधरी, ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।