अपर निदेशक ने जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल
जिला अस्पताल व सादाबाद सीएचसी का किया निरीक्षण, मिली खामियां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शुक्रवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ डॉ.एमएल अग्रवाल ने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। वह सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचे तो काफी खामियां मिलीं, जिन्हें लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार करने के निर्देश दिए।
एडी डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सादाबाद सीएचसी पर बनी ओटी का प्रयोग 30 जून 2019 से नहीं किया गया है, जबकि वहां पर सर्जन, बेहोशी वाले डॉक्टर सहित ओटी से संबंधित पूरा स्टाफ है। इसके अलावा अस्पताल में साफ सफाई का काफी बुरा हाल था।
यहां पर एक फार्मासिस्ट एआरवी लगा रही थी, जिसे एआरवी लगाने के बारे में जानकारी तक नहीं थे। उस फार्मासिस्ट को प्रशिक्षण दिलाए जाने को कहा गया। अन्य अनियमितताएं भी यहां पर मिलीं, जिनमें सुधार करने के निर्देश सीएचसी प्रभारी को दिए। यहां के बाद एडी जिला अस्पताल पहुंचे और निरीक्षण किया।