कलेक्ट्रेट स्थित कैंप कार्यालय में अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व ई-रिक्शा संचालन के संबंध में जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने समीक्षा बैठक की। डीएम ने पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर ई-रिक्शा व सवारी वाहनों को संचालित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके लिए एक सप्ताह का समया दिया गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व को नगरीय निकाय क्षेत्रों में उप जिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायतों के माध्यम से शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को वार्ता करते हुए हटवाने के निर्देश दिए। अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स, बैनर को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद में संचालित ई-रिक्शा संचालकों की सूची तैयार करने के साथ ही एक सप्ताह का समय देते हुए पंजीकरण करने की कार्रवाई करने व ई-रिक्शा संचालन हेतु मार्गों का निर्धारण किए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय अवधि के भीतर पंजीकरण न कराने एवं ड्राईिवंग लाइसेंस न होने की दशा में दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने 18 वर्ष से कम आयु के ई-रिक्शा संचालकों के विरूद्ध भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब चौराहा के पास एनएचआई द्वारा हटाए गए डिवाइडर के स्थान पर रिफ्लेक्टर पोल लगाने के साथ ही जेब्रा क्रॉसिंग एवं खराब सड़क की मरम्मत करने के निर्देश दिए। तालाब चौराहे स्थित पुल के नीचे सौन्दर्यीकरण हेतु खाली स्थानों पर जाली लगाते हुए वृक्षारोपण कराने एवं पुल के दोनों तरफ खराब सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।