बिसावर में झगड़े में तेजाब से घायल से जानकारी करते अपराध निरीक्षक गोविंद सिंह। संवाद
- फोटो : samvad
बिसावर क्षेत्र के गांव नगला मदारी में खुले पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित मदन व अंकित ने बताया कि जरूरत पड़ने पर गांव के एक दुकानदार से उन्होंने 100 रुपये के खुले मांगे थे। दुकानदार ने खुले पैसे तो नहीं दिए बल्कि गाली गलौज करने लगा। दुकानदार और उसके अन्य कुछ साथियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट कर दी। वह दोनों भाई घर लौट आए। इसके बाद दुकानदार अपने साथियों को लेकर छत के रास्ते उसके मकान में आ गया।
घर में रखी तेजाब की बोतल उनके ऊपर फेंक दी, जिससे चार लोग झुलस गए। मामला कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। हालत गंभीर होने के चलते मदन व अंकित को आगरा रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ की गई। प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद