सहपऊ सीएचसी का निरीक्षण करते परियोजना निदेशक राजेश कुरील। संवाद
- फोटो : samvad
संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का बृहस्पतिवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की कलई खुलकर सामने आ गई। अस्पतालों में मरीज तो मिले, लेकिन चिकित्सक और स्टाफ नदारद मिले।निरीक्षण के दौरान चार एमओआईसी सहित 138 स्वास्थ्यकर्मी गैरहाजिर मिले।
डीएम ने सभी गैरहाजिर स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। वहीं गैरहाजिरों से स्पष्टीकरण तलब कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम अर्चना वर्मा के निर्देश पर बागला जिला अस्पताल का सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने निरीक्षण किया। सभी कक्षों का भ्रमण किया और मरीजों से वार्ता की। मरीजों से दवा उपचार के बारे में जानकारी ली। 19 स्वास्थ्यकर्मी गैरहाजिर मिले।
निरीक्षण में सभी सीएचसी की भी कलई खुलकर सामने आ गई। सुबह करीब आठ बजे सभी सीएचसी पर ज्यादातर चिकित्सक व अन्य स्टाफ गैरहाजिर मिला। मरीज वहां परेशान घूम रहे थे। अधिकारियों की रिपोर्ट पर डीएम ने यह कार्रवाई की है। संवाद