33 केवी विद्युत उपकेंद्र फौजुआका में तैनात एक ऑपरेटर ने दो लोगों पर बिजलीघर में घुसकर पीटने, जातिसूचक शब्द कहने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑपरेटर के पद पर तैनात सतीश चंद के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्राम शाहनगर सोरौला निवासी दुष्यंत चौहान अपने पुत्र कपिल चौहान के साथ बिजलीघर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने विभागीय नियमों के विरुद्ध लाइन कटवाने का दबाव बनाया। ऑपरेटर द्वारा मना करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक अपशब्द कहे।
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान बिजलीघर में रखे सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी और थाना टप्पल पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।