लूट की दास्तां बताते पीड़ित युवक। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव भेंकुरी के निकट मंगलवार की दोपहर को बाइक सवार युवक ने दो बदमाशों पर असलहे के बल पर 50 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को लूट नहीं, बल्कि उधारी के लेनदेन से जुड़ा विवाद बताया है।
कस्बे की भूतेश्वर कॉलोनी निवासी अभिषेक पुंढीर पुत्र दीपक पुंढीर के अनुसार वह अपने एक साथी के साथ बाइक से 50 हजार रुपये लेकर जलेसर मार्ग स्थित गोदाम जा रहे थे। आरोप है कि भेंकुरी गांव के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और असलहा दिखाकर नगदी छीन ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने अपने साथी के साथ आरोपितों का पीछा किया। बताया जाता है कि भागते समय आरोपी रेलवे अंडरपास के निकट अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। कोतवाली सिकंदराराऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि जांच में मामला लूट का नहीं लग रहा है। उनके अनुसार बाइक गिरवी रखकर रुपये उधार लिए गए थे और विवाद उसी लेनदेन से संबंधित प्रतीत होता है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। संवाद