हाथरस। चंदपा के गांव जिंद पट्टी बिसाना में बुधवार रात संपत्ति की रंजिश में हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मानवेंद्र (22) की हत्या कर दी। हमले में उसका दोस्त समीर उर्फ लाला घायल हो गया।
पीठ में लगी गोली दाहिने हाथ की बाजू में जा फंसी। युवक की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा काटा। एसपी के आने तक शव नहीं उठने दिया और न ही घायल युवक को रेफर करने दिया। परिजनों ने चंदपा पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए।
मानवेंद्र के चाचा महाराज सिंह ने बताया कि शाम को बहन व बुआ से दौज पर टीका कराने के बाद मानवेंद्र अपने दोस्त लाला उर्फ समीर निवासी बढ़ार (सादाबाद) घर से कुछ कदम की दूरी पर नानी के घर के पास मौजूद थे। रात करीब आठ बजे मोटरसाइकिलों पर सात से आठ हमलावर हथियार लहराते हुए आए, जिन्हें देख दोनों ने बचने का प्रयास किया।
इतने में ही हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मानवेंद्र के पर ताबड़तोड़ फायर कर दिए। एक गोली दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जबकि दो गोलियां पीठ में लगीं। समीर के पीठ पर दाहिने कंधे नीचे के गोली लगी। फायरिंग के बाद हमलावर आसानी से भाग निकले।
गोलीकांड के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार करते परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने चंदपा पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा और एसपी को बुलाने की मांग की।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा मौके पर पहुंचे। उनके आते ही मां अंजना व चाचा महाराज सिंह ने एसओ चंदपा योगेश कुमार व हल्का इंचार्ज बृजेश यादव पर शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। परिजन बिलखते हुए इंसाफ की मांग कर रहे थे, जिस पर एसपी ने आश्वासन दिया। जिला अस्पताल में ढाई घंटे तक हंगामा चला, जिसके चलते पांच थानों का फोर्स गांव तैनात रहा।
संपत्ति के विवाद में हत्या की बात सामने आई है। हमलावरों की तलाश के पुलिस की टीम गठित की गई। परिजनों के आरोपों पर जांच कराई जाएगी।
-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी