बैनीगंज में दुर्घटना के बाद लगी भीड़। स्रोत : वीडियोयोग्रैब
- फोटो : Videograb
हाथरस। शहर के बैनीगंज बाजार में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंद दिया। घटना में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शनिवार शाम एटा के जलेसर कस्बे की मस्जिद वाली गली निवासी इमरान (47) के रूप में हुई। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की है। एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार घंटाघर की ओर जा रही थी। बैनीगंज बाजार में सड़क पार करने की कोशिश कर रहे इमरान कार की चपेट में आ गए। स्थानीय दुकानदार एवं अन्य राहगीरों ने कार सवार को रोक लिया। वहां मची अफरातफरी का फायदा उठाते हुए कार चालक भाग निकला।
कुछ राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल इमरान को उसी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तब तक इमरान की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस अस्पताल परिसर से कार को कब्जे में लेते हुए मृतक के पहचान में जुट गई। मृतक की जेब से मिले कुछ कागजों के जरिये शनिवार शाम इमरान के परिजनों से संपर्क किया जा सका।
इमरान के बेटे रिहान और स्थानीय रिश्तेदार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की। रिहान ने बताया कि पिता रिश्तेदार से मिलने हाथरस आए थे। वहां से वह पैदल निकले और कुछ दूरी पर हादसे का शिकार हो गए। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि इस मामले में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाहन चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बड़ी ही सुस्त निकली पुलिस
घटना का सबसे दिलचस्प पहलू ये है कि जब पुलिस से पूछा गया कि हादसे का कारण बनी कार किसकी है और उसे कौन चला रहा था तो जवाब मिला कि जांच की जा रही है। खास ये है कि डिजिटल दौर में पुलिस करीब 24 घंटे बाद भी कार के मालिक का भी पता नहीं कर सकी। अमूमन ऐसे मामलों में कार के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन या चेसिस नंबर से कुछ ही मिनट में पुलिस वाहन स्वामी तक पहुंच जाती है। इस मामले में पुलिस की सुस्त पड़ताल का ही नतीजा है कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।