पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर सलेमपुर फाटक के पास 14 जून की सुबह हाथरस के रति का नगला निवासी अंशुल (22) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में अंगूठी के विवाद में आत्महत्या की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार अंशुल की शादी 7 मई को हाथरस जंक्शन के गांव नगला जायस निवासी शशि से हुई थी। किसी आवश्यक कार्य के चलते उसने गांव के ही सुनार के पास शादी में मिली अंगूठी गिरवी रख दी थी। शनिवार रात को जब वह घर पहुंचा तो उससे अंगूठी के बारे में पूछा गया। पहले तो युवक ने अंगूठी चोरी होने की बात कही। बाद में बताया कि उसने अंगूठी गिरवी रख दी है। इसे लेकर उसे डांट भी पड़ी थी। बताते हैं कि इसी से क्षुब्ध होकर वह रविवार की सुबह बाइक लेकर घर से निकल गया। सुबह 10 बजे परिजनों को खबर मिली कि ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई है।
अंशुल बाइक लेकर सलेमपुर रेलवे फाटक पर पहुंचा। वहां उसने बाइक खड़ी कर दी और चाबी उसी में लगी रहने दी। इसके बाद वह ट्रेन के सामने पहुंचा और जान दे दी। घटना की जानकारी पर हसायन व हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई। हाथरस जंक्शन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह में आत्महत्या की बात सामने आई है।