क्षेत्र के गांव कैमथल के युवक की मथुरा के गांव कारब में बुधवार को खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलट जाने से मौत हो गई, उसने बहन के ससुराल में खेत को लीज पर लिया था।
गांव कैमथल के महावीर सिंह के तीन पुत्रों में सबसे छोटा नाहर सिंह उर्फ नरेंद्र (26) खेती के साथ-साथ नौकरी की भी तैयारी कर रहा था। परिवार के अनुसार नाहर सिंह की बहन मथुरा के गांव कारब में रहती है, जहां नाहर सिंह ने खेत लीज पर ले रखा था और अपनी बहन के पास कुछ दिन के लिए रुककर खेती की देखभाल कर आता था।
बुधवार को वह धान की फसल की रोपाई के लिए अकेला ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत को तैयार कर रहा था ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने के दौरान ट्रैक्टर खेत में फंस गया। नाहर ने काफी प्रयास किया पर ट्रैक्टर नहीं निकला। बताया जा रहा है कि उसने रोटावेटर को खोल दिया और ट्रैक्टर को स्पीड के साथ खेत से निकालने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया, जिससे वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की नजर पलटे हुए ट्रैक्टर पर पड़ी तो शोर-शराबा हुआ। गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक को गंभीर हालत में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अभी अविवाहित था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।