जीटी रोड पर गांव पनैठी के पास बुधवार को एक ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, उसका साथी घायल हो गया। हादसे के वक्त दोनों ही हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
घटना की सूचना पर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। थाना महुआखेड़ा के गांव केसूपुर गडराना निवासी 22 वर्षीय इरशाद पुत्र दिलशाद बुधवार को गांव के ही अभिषेक के साथ बाइक से जिरौली हीरा सिंह से अपनी मजदूरी के रुपये लेने जा रहे थे। दोपहर को रास्ते में जीटी रोड स्थित पर शंकर कोल्डस्टोरेज के पास एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मी ने एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए भेजा। थाना प्रभारी डीके सिसौदिया ने बताया है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम हाउस से शव अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों को लगा कि बेटे में अभी सांस चल रही है। वह उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।