हाथरस। सहपऊ के गांव पीहुरा के निकट सादाबाद-जलेसर मार्ग पर बुधवार तड़के हुए हादसे में 55 वर्षीय रामा देवी की मौत हो गई। महिला भाई दूज पर अलीगढ़ से सहपऊ के गांव बुढ़ाइच में अपने भाई को तिलक करने आ रही थी। परिजन बिना किसी कार्यवाही के शव को घर ले गए।
अलीगढ़ के सासनी गेट की निवासी रामा देवी पत्नी कुंवरपाल बुधवार सुबह करीब चार बजे अपने बेटे विकास के साथ बाइक से अपने मायके (बुढ़ाइच) जाने के लिए निकली थीं।
सुबह करीब छह बजे जब उनका बेटा बाइक लेकर सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव पीहुरा के पास नवनिर्मित पुलिया के नजदीक पहुंचा, तभी सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में बाइक का अगला पहिया चला गया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठीं रामादेवी उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरीं। सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और घायल रामादेवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। संवाद