कोतवाली क्षेत्र के गांव मंस्या कलां में सोमवार दोपहर को निराश्रित सांड़ ने बाजरा की फसल की रखवाली कर रहे किसान लीलाधर सिंह (65) पर हमला कर दिया। खेत से भगाने पर सांड़ ने उन्हें कई बार सींगों से उठाकर पटका और इससे उनकी मौत हो गई।
सोमवार शाम को इस सांड़ ने दूसरे सांड़ पर भी हमला कर दिया, दोनों के बीच हुई भिड़ंत में हमलावर सांड़ भी मारा गया। गांव मंस्याकलां निवासी लीलाधर सिंह सोमवार सुबह अपने खेत पर गए थे। दोपहर में एक छुट्टा सांड़ उनकी बाजरा के खेत में घुस गया और फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। लीलाधर सिंह सांड़ को भगाने के लिए आगे बढ़े, तभी सांड़ अचानक ने उनपर हमला कर दिया।
उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य किसान मौके पर दौड़ पड़े। किसी तरह से सांड़ को वहां से भगाया। किसान उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में छुट्टा पशुओं को लेकर काफी नाराजगी है। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।