सिकंदराराऊ के मूढ़ा नौजरपुर निवासी किसान इंद्रजीत के आत्महत्या करने के मामले में पांच माह से अधिक समय बाद महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस संबंध में मृतक की पत्नी एसएसपी से मिली थी, जिसके बाद यह रिपोर्ट दर्ज की गई।
मृतक इंद्रजीत की पत्नी लक्ष्मीदेवी की तहरीर पर 12 जून रात थाना सिकंदराराऊ पर दर्ज की गई रिपोर्ट में मुनेश निवासी घरतौली थाना टप्पल, उसकी पत्नी दुर्गे, पुत्र राहुल और विनोद व ओमप्रकाश निवासी मूढ़ा नौजरपुर को नामजद किया गया है।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि नामजद आरोपियों ने इंद्रजीत की मां की जमीन अपने नाम करा ली थी। इंद्रजीत ने जमीन वापस करने को कहा तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। उसे आत्महत्या के लिए उकसाने लगे। इसी विवाद में गत एक जनवरी को इंद्रजीत ने घर पर ही नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया था।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ जैनेंद्रनाथ अस्थाना का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गुण-दोष के आधार पर विवेचना की जाएगी। जो भी तथ्य आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।