कांशीराम आवास योजना के तहत बने आवासों की दयनीय स्थिति सुधारने के लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। इस प्रस्ताव में 1500 आवासों की मरम्मत और उनमें बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए धन की मांग की गई है।
गौरतलब है कि संवाद न्यूज एजेंसी ने भी कई बार कांशीराम आवासीय योजना फेज वन के तहत बने डेढ़ हजार आवासों की बदहाली पर खबरें प्रकाशित की हैं और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया है। वर्तमान में इन आवासों की हालत इतनी दयनीय है कि इनमें रहने वाले परिवारों को हर वक्त हादसे का डर सताता रहता है। प्रभारी डूडा धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। धनराशि मिलते ही इन आवासों को दुरुस्त कराया जाएगा।