हाथरस। दिवाली पर आतिशबाजी के नाम पर शहर से लेकर देहात तक ऐसा जानलेवा सामान बेचा जा रहा है, जो पलक झपकते ही किसी के घर का चिराग बुझा सकता है या जिंदगी भर के लिए अपाहिज बना सकता है। इस सूची में लोहे के पाइप से बनी तथाकथित पोटाश गन का नाम सबसे ऊपर है।
पोटाश गन दिखने में भले ही एक पाइप का टुकड़ा लगे, लेकिन यह एक देसी तमंचे से कम खतरनाक नहीं है। इसमें आवाज पैदा करने के लिए गंधक (सल्फर) और पोटाश (पोटेशियम क्लोरेट) के पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है। रासायनिक विशेषज्ञों के अनुसार, पोटाश और गंधक का मिश्रण इतना अस्थिर और अत्यधिक संवेदनशील होता है कि इसे दबाते या रगड़ते समय थोड़ा सा घर्षण (फ्रिक्शन) होने पर ही यह अनियंत्रित विस्फोट कर देता है।
कई बार लोहे की घटिया नली इस दबाव को झेल नहीं पाती और बैरल के परखच्चे उड़ जाते हैं। लोहे के छर्रे और नुकीले टुकड़े सीधे इसे चलाने वाले के चेहरे, आंखों और हाथों को छलनी कर देते हैं। प्रशासनिक स्तर से अब तक इस अवैध पोटाश गन और देसी पटाखों की खुली बिक्री पर कोई ठोस कार्रवाई न होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सुतली बम व देसी पटाखों का अवैध धंधा
शहर के अलावा सासनी, हसायन, मेंडू, मुरसान और चंदपा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में बिना किसी मानक और सुरक्षा लाइसेंस के देसी पटाखे तैयार कर खपाए जा रहे हैं। सुतली में कसकर लपेटा गया देसी बारूद इतना खतरनाक होता है कि इसका धमाका कान के पर्दे फाड़ने के साथ-साथ कंक्रीट तक को हिला देता है। घटिया बारूद और गलत अनुपात में बने इन देसी पटाखों में अक्सर आग लगाने के तुरंत बाद ही बिना समय दिए धमाका हो जाता है, जिससे व्यक्ति को पीछे हटने का मौका तक नहीं मिलता।
नियम-कायदों की खुली उड़ रहीं धज्जियां
सुप्रीम कोर्ट और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सख्त आदेश हैं कि बाजारों में केवल स्वीकृत नीरी द्वारा प्रमाणित ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकते हैं। बेरियम, लिथियम, आर्सेनिक, लेड और पोटाश जैसे रसायनों वाले पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध है। ग्रीन पटाखों की पहचान यह है कि उनके बॉक्स पर नीरी का क्यूआर कोड, ग्रीन लोगो और ध्वनि सीमा (125 डेसिबल से कम) दर्ज होती है, लेकिन जिले में ग्रीन पटाखों के नाम पर औपचारिकता निभाई जा रही है और गलियों में प्रतिबंधित देसी बारूद की मंडी सजी हुई है।
जा सकती है आंखों की रोशनी
जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. सूर्य प्रकाश का कहना है कि हर साल दिवाली पर पोटाश गन और तेज धमाके वाले पटाखों के कारण दर्जनों बच्चे झुलसी हुई हालत में इमरजेंसी पहुंचते हैं। पोटाश गन के फटने से निकलने वाले केमिकल सीधे कॉर्निया को जला देते हैं, जिससे व्यक्ति हमेशा के लिए अंधा हो सकता है। हाथों की उंगलियां कटने और चेहरे पर गहरे घाव होने का खतरा रहता है।