सादाबाद-जलेसर मार्ग पर एक निजी बस में यात्रा कर रहे कुरसंडा निवासी भूरा (50) की सफर के दौरान ही अचानक आए हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना बस में सवार यात्रियों के सामने हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल बेहद गमगीन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस जलेसर से सादाबाद जा रही थी। दोपहर लगभग दो बजे के आसपास भूरा सिंह सहपऊ क्षेत्र के गांव महरारा में हुए एक शादी समारोह में शामिल होकर इस बस से अपने गांव लौट रहे थे। बस में बैठते ही वह अचानक बेचैनी महसूस करने लगे। उन्होंने सीट पर बैठे-बैठे सीने पर हाथ रखा और कुछ ही क्षणों में उनकी स्थिति बिगड़ने लगी।
यात्रियों ने उनकी हालत देखकर शोर मचाया। इसी बीच बस परिचालक ने टिकट लेने के लिए उन्हें आवाज दी, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने पानी पिलाने और संभालने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुधार नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच की और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रथमदृष्टया उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। इधर, घटना की खबर मिलते ही कुरसंडा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शादी समारोह से लौटते समय अचानक हुई यह घटना हर किसी को स्तब्ध कर गई।