आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कंकाली देवी मंदिर के निकट 13 मार्च की देर रात चीनी की बोरियों से भरे एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक-क्लीनर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। आग से ट्रक में रखीं चीनी की करीब डेढ़ सौ बोरी जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों नुकसान हुआ है।
आग इतनी भीषण थी कि ट्रक के सभी टायर और नीचे का हिस्सा बुरी तरह जल गया। इस दौरान राजमार्ग पर आवागमन भी बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया। ट्रक मालिक के अनुसार ट्रक में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।
दरअसल, 13 मार्च की देर रात ट्रक संख्या RJ11GB1237 चीनी के 600 कट्टे लादकर बिजनौर जिले के नगीना से आगरा जा रहा था। जैसे ही ट्रक अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंकाली मंदिर के निकट पहुंचा, वैसे ही इसमें आग लग गई। ट्रक से आग की लपटें उठते देख चालक रामब्रज ने कूदकर जान बचाई।
ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक का तेल टैंक फटने से यह आग लगने की आशंका है। ट्रक को जलता देख अन्य वाहन चालकों ने भी अपने वाहन जहां के तहां रोक दिए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यातायात का मार्ग परिवर्तित कराया। उसके बाद वहां अग्निशमन विभाग की दमकलें आ गईं। करीब तीन दमकलों ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। ट्रक के मालिक आगरा के सिकंदरा निवासी जसवंत सिंह हैं।