30 अप्रैल को सुधा की शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। सुधा चाऊमीन खाने के लिए बाजार गई। रास्ते में उसे चक्कर आया और वह गिर गई। उसकी मौत हो गई। शादी वाले घर में मातम छा गया।
कस्बे से सटे गांव बिजाहरी में 9 अप्रैल की दोपहर को चाऊमीन खाने के लिए घर से निकली युवती अचानक गश खाकर गिर गई। उसे तत्कल बागला जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की 30 अप्रैल को शादी होनी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
गांव बिजाहरी निवासी 22 वर्षीय सुधा पुत्री दुर्गाप्रसाद 9 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे घर से चाऊमीन खाने के लिए बाजार जा रही थी। अचानक रास्ते में उसको चक्कर आया और वह गश खाकर गिर गई। यह देखकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण युवती को लेकर बागला जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सुधा सात भाई बहनों में सबसे छोटी थी। सुधा की शादी 30 अप्रैल को अलीगढ़ में होनी थी। घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुए इस हादसे से शादी वाले घर में शोक की लहर दौड़ गई। इमजरेंसी में तैनात डाॅ. अवधेश कुमार का कहना है कि युवती को जब तक जिला अस्पताल लाया गया था, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।