मुरसान क्षेत्र के गांव खेड़ा बरामई में 31 दिसंबर को एक दावत में मारपीट हो गई। मामला शांत होने के बाद 1 जनवरी की सुबह फिर से दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दामोदर सिंह निवासी खेड़ा बरामई ने बताया कि 31 दिसंबर शाम करीब पांच बजे वह अपने पड़ोस में त्रयोदशी संस्कार की दावत खिला रहे थे। इसी दौरान गांव के रामप्रकाश, नारद, सत्ते, करन, रामकिशन और रामेश्वर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने दामोदर सिंह के साथ मारपीट कर दी। जिससे वह घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के रामप्रकाश निवासी खेड़ा बरामई का कहना है कि 31 दिसंबर शाम करीब छह बजे उनके चाचा महावीर दावत खाने गए थे। वहां दामो, महावीर और राकेश ने उनके चाचा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
रामप्रकाश का आरोप है कि 1 जनवरी सुबह करीब आठ बजे दामो, राकेश, महावीर, कालू, टिंकू व होरीलाल लाठी, डंडा और सरिया लेकर उनके घर में घुस आए और मारपीट की। मारपीट में रामप्रकाश की पत्नी रेखा, उनके भाई की पत्नी कुसमा, बुआ मीना और भाई सत्येंद्र घायल हो गए। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि दो लोग घायल हुए है। पुलिस ने एक पक्ष से कृष्ण और शेर सिंह और दूसरे पक्ष से नारद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।