खेत में जली हुई फसल दिखाते किसान। संवाद
क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला बाबू के गांव नोहरा, चमरपुरा के निकट रविवार दोपहर बिजली की लाइन में फाल्ट होने से खेत में रखी फसल में आग लग गई। किसानों और ग्रामीणों की सूझबूझ से 14 बीघा की गेहूं की फसल और पास में पड़ा भूसा जलने से बच गया।
किसान सचिन कुमार ने बताया कि दोपहर में वह मजूदरों के साथ खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान मेड़ पर लगे बिजली के लट्ठे के तारों में अचानक फाल्ट हो गया। यह देख कर उन्होंने बिजली आपूर्ति को बंद कराया और मजदूरों के साथ पानी लेकर आग को बुझाया।
सचिन ने बताया कि अगर वह और उनके मजदूर खेत पर मौजूद नहीं होते तो लाखों का नुकसान हो जाता। उनकी गेहूं की फसल और पास में रखा भूसा जल जाता। आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी के हाथों में पानी की बाल्टियां और केन थीं, जिनकी मदद से आग पर काबू पाया गया।
किसानों ने बताया कि बिजली विभाग से कई बार हाई टेंशन लाइन के जर्जर तारों को बदलने की शिकायत की जा चुकी है। ये तार 20 साल से भी ज्यादा पुराने हैं। इनमें आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। गांव जटोई जाने वाली बिजली की यह लाइन लोड नहीं झेल पाती है और इसके तार भी झूलते रहते हैं, जिससे खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर निकालना भी मुश्किल हो जाता है।
अवर अभियंता प्रवेश कुमार का कहना है कि कुछ दिन पहले तेज आंधी आने के बाद से कुछ जगहों पर फाल्ट हो रहे हैं, मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया है। बहुत जल्द ही व्यवस्था को सुधार दिया जाएगा।