दाऊजी मेला के महिला बाजार की फैशन गैलरी में खरीदारी करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Samvad
मेले में सजीं आधुनिक फैशन की दुकानें और सौंदर्य प्रसाधन के स्टॉल महिलाओं के पसंदीदा खरीदारी केंद्र बनकर उभरे हैं। शाम ढलते ही महिला बाजार स्थित इन दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लग जाती है। महिलाएं दैनिक पसंद के साथ आगामी पर्वों के मद्देनजर नए फैशनेबल उत्पादों की जमकर खरीदारी कर रही हैं, जिससे कारोबार चमक उठा है।
मेला बाजार में सजीं फैशन की दुकानों पर रोजाना इस्तेमाल होने वाले हेयरबैंड, रंग-बिरंगी नेल पॉलिश, ट्रेंडी बिंदी के पैकेट्स, क्लचर, सेफ्टी पिन, आर्टिफिशियल रबर बैंड और मेकअप के विविध सामानों की भरमार है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से आ रहीं महिलाएं इन दुकानों पर घंटों रुककर सामान पसंद कर रही हैं।
खासकर मैचिंग बिंदी और हेयर एक्सेसरीज के स्टॉलों पर सबसे ज्यादा भीड़ जुट रही है। महिलाओं का कहना है कि मेले की इन दुकानों पर एक ही जगह सौंदर्य और हेयर स्टाइलिंग की ढेरों वैरायटी उपलब्ध हो जाती हैं। बाजार की नियमित दुकानों की अपेक्षा यहां कॉम्बो ऑफर और किफायती दामों में फैंसी उत्पाद मिल रहे हैं।
20 रुपये से लेकर 100 रुपये की रेंज में फैंसी हेयरबैंड, स्टोन वाली टिक-टॉक क्लिप्स और विभिन्न शेड्स की नेल पॉलिश के सेट आसानी से मिल रहे हैं। कॉलेज जाने वाली युवतियां जहां वेस्टर्न स्टाइल के हेयर एक्सेसरीज और न्यूड शेड की लिपस्टिक व नेलपेंट्स पसंद कर रही हैं और घरेलू महिलाएं पारंपरिक बिंदी और चूड़ियों के सेट ले रही हैं।