हाथरस। नगला तुंदला में बारिश से मकान गिरने और मां-बेटी के घायल होने पर पांच माह पूर्व प्रशासन से आर्थिक सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया था। पांच माह बीतने के बाद भी पीड़ित परिवार को फूटी कौड़ी नहीं मिली है। पीड़ित ने परिवार के साथ आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। बता दें कि नगला तुंदला में जलभराव से काफी मकान जर्जर अवस्था में हैं।
पांच माह पूर्व बारिश के समय बबलू का मकान भरभराकर गिर गया था, जिसमें उसकी पत्नी सन्नो और पुत्री सना घायल हो गई थीं। बबलू अपनी पत्नी के साथ तहसील दिवस में शिकायत लेकर पहुंचा और आर्थिक सहायता शीघ्र दिलाए जाने की मांग की। उसने कहा कि सहायता राशि के लिए अगस्त में स्वीकृत हो गई है, फिर भी आज तक धनराशि नहीं मिली।
पीड़ित परिवार कभी कलेक्ट्रेट तो कभी तहसील के चक्कर काट रहा है। बबलू ने तहसील दिवस में दिए शिकायती पत्र में सहायता राशि न मिलने पर परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।