यूजीसी के नए नियमों के विरोध में 15 दिनों से धरने पर बैठे राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैया व उनके साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पंकज पर धार्मिक व जातीय नफरत फैलाने की साजिश व सार्वजनिक शांति में बाधा उत्पन्न करने जैसे आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की है। इन पर प्रशासन को बेवजह परेशान करने का भी आरोप लगा है।
यूजीसी के नए नियमों के विरोध में पंकज सात फरवरी को सद्भावना पैदल यात्रा निकालने जा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने इसे रोक दिया था। इसी के विरोध में वे कंचन नगर में घर के बाहर धरने पर बैठ गए थे। शुक्रवार को इस आंदोलन में नया मोड़ तब आया, जब कि डॉ. अनिल पांडेय नाम के एक्स हैंडल पर 20 फरवरी की शाम को एक ऑडियो शेयर किया गया।
इसमें दावा किया गया है कि यह ऑडियो पंकज व उनके आईटी सेल प्रभारी गौरव की है। इस ऑडियो ने जहां आंदोलन की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए, वहीं उन लोगों को भी झकझोर कर रख दिया जो अंदरखाने इसका समर्थन कर रहे थे। ऑडियो वायरल होने के बाद भी शनिवार रात को शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप धरना स्थल पर पहुंचे थे और पंकज का समर्थन किया था।
आगरा रोड चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार ने पंकज धवरैया निवासी कंचन नगर व उनके आईटी सेल प्रभारी गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। ऑडियो में आंदोलन के जरिए सुरक्षा गनर मिलने से क्षेत्र में भौकाल व लोगों से वसूली करने जैसी बातें कही जा रही हैं। यही नहीं अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया जा रहा है।
- ऑडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। - योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ सिटी