कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में इगलास अड्डा पर दो स्कूटी सवार युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घायल युवकों को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया गया। जहां से निजी अस्पताल में ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार शहर के मोहल्ला रमनपुर निवासी युवक रवि कुमार (19) पुत्र छोटेलाल और उसका साथी रोहित (15) पुत्र पप्पू एक स्कूटी पर सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान इगलास अड्डा पर ही इन दोनों की स्कूटी को किसी वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटना में यह दोनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने इन दोनों के बारे में इनके परिजनों को अवगत कराया। दोनों युवक स्थानीय होने के कारण मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने इन दोनों को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से रवि को अलीगढ़ रोड पर ही एक निजी अस्पताल ले जाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसकी अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही मौत हो गई। बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराए गए युवक रोहित की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के लिए रेफर किया गया है। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया दुर्घटना की जानकारी होने पर मामले की छानबीन की गई है। परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने पर विधिवत रूप से कार्रवाई की जाएगी।