हाथरस/हाथरस(ब्यूरो)। बिजली संकट हाथरस वालों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। वहीं, सादाबाद में भी आठ घंटे से ज्यादा विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाई है। बृहस्पतिवार को तो हालत और भी खराब हो गई, जब आंधी के बाद बिजलीघर की ओसीबी के बसबार में आग लग गई। देर रात तक बिजली नहीं आने से पूरा तहसील अंधेरे में डूबा रहा। इसके बाद लोगों ने 33केवी बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। रोज की तरह गुरुवार की सुबह की शुरुआत भी बिजली संकट के साथ ही हुई। सुबह 6 बजे से ही 220 केवी मीतई पारेषण केंद्र की बिजली कंट्रोल के आदेश पर बंद कर दी गई। करीब चार घंटे बाद यानि 10 बजे सप्लाई पटरी पर लौटी। सुबह-सुबह चार घंटे की इस कटौती ने जनजीवन की दिनचर्या को लड़खड़ा दिया। लोगों के रोजमर्रा के कामों पर बुरा असर पड़ा। नहाने-धोने के लिए भी पानी नसीब नहीं हुआ।10 बजे के बाद भी शहर के बिजलीघरों पर कटौती का क्रम नहीं रुका। रात तक शहर के फीडरों पर बिजली की आंख-मिचौली का खेल चलता रहा। सबसे ज्यादा कटौती 33 केवी ओढ़पुरा के टाउन वन, रमनपुर, टाउन टू और टाउन थ्री फीडरों पर पड़ी। दिन भर में इन फीडरों पर 5 से 6 घंटे की कटौती हुई। रात को भी इन फीडरों की सप्लाई ठप पड़ी हुई थी और आधे से ज्यादा शहर अंधेरे में डूबा हुआ था।