हाथरस। सीएमओ कार्यालय पर विकलांग और फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने आए लोगों से सीएमओ कार्यालय पर वसूली हुई। सर्टिफिकेट बनवाने आए कुछ लोगों ने पैसे दे भी दिए, लेकिन जब सर्टिफिकेट नहीं बने तो इसकी शिकायत सीएमओ से कर दी। सीएमओ ने जब छानबीन और पूछताछ कराई तो इससे पहले ही वसूली करने वाले वहां से भाग गए। मंगलवार को सीएमओ आफिस पर विकलांग और फिटनेस सर्टिफिकेट बनते हैं। आज भी वहां काफी विकलांग और फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के लिए लोग मौजूद थे। ये लोग कई घंटे से वहां इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दो युवकों ने कुछ लोगों से सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर वसूली शुरू कर दी। किसी से दो सौ रुपये लिए तो किसी से तीन सौ। इन्हें यह झांसा दिया गया कि उनका जल्द ही प्रमाणपत्र बन जाएगा। बावजूद इसके जब काफी देर तक प्रमाण पत्र नहीं बने तो कुछ लोगों ने इसकी शिकायत सीएमओ से कर दी। इस पर सीएमओ अपने रूम से बाहर आए और उन्होंने शिकायतकर्ताओं से पूछताछ की। उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों को भी बुलवाया और शिकायतकर्ताओं से यह पूछा कि उन्होंने इनमें से किसी को पैसे तो नहीं दिए हैं, लेकिन तब तक वसूली करने वाले वहां से भाग गए थे। अब सवाल यह है कि वसूली करने वाले आखिर कौन थे और वह किसकी शह पर वसूली कर रहे थे। सीएमओ डॉ. आरपी सिंह का कहना है कि लोगों से अपील की गई है कि वह ऐसे जालसाजों से सावधान रहेें और उन्हें पकड़वाने में मदद करें। उनका कहना है कि ऐसे लोगों पर आगे से कड़ी नजर रखी जाएगी।