हाथरस/सासनी। महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. रामजीलाल ने सोमवार को सासनी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और यहां बागला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। सासनी सीएचसी पर उन्हें बेबी कार्नर रूम में गंदगी मिली और टीकाकरण का लक्ष्य कम मिला। इस पर डीजी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में उन्होंने मरीजों से पूछताछ कर हालचाल पूछा और अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) ने सोमवार को सासनी सीएचसी का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने सबसे पहले यह देखा कि सीएचसी पर एआरवी और एएसवी पर्याप्त संख्या में हैं या नहीं। अन्य दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने सत्यापन किया। उन्होंने वहां जननी सुरक्षा योजना के कार्यक्रम की जानकारी ली। जीडी को जब यह बताया गया कि अभी 71 फीसदी की टीकाकरण हुआ है तो उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लक्ष्य बढ़ाने को कहा। सीएचसी पर उन्होंने डिलीवरी को भर्ती महिलाओं से भी बात की और उनसे हालचाल पूछा। बेबी कार्नर रूम में गंदगी पर डीजी काफी नाराज हुए। उन्होंने इसकी सफाई कराने व धूल, जाले साफ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अस्पताल में यह भी लिखवाया जाए कि बच्चा जनने के बाद महिलाएं अपने नवजात शिशुओं को अपना दूध पिलाएं। इसके बाद डीजी यहां जिला अस्पताल आ गए। जिला अस्पताल में उन्होंने कुछ मरीजों से बात की। डीजी यहां कुछ मिनट ही रुके। वहां इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने मरीजों से उनका हालचाल जाना और यह पूछा कि उन्हें उपचार व दवाएं सही तरीके से व समय पर मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने यह भी पूछा कि कहीं डाक्टर उनसे बाजार की दवा तो नहीं मंगवा रहे। मरीजों ने उन्हें संतुष्टिपूर्वक जवाब दिए।
उनके साथ सीएमओ डॉ.आरपी सिंह, एसीएमओ डॉ.पीके श्रीवास्तव, डॉ.रामकुमार, सीएमएस डॉ.अनुराग राजवंशी के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।