सिकंदराराऊ (हाथरस)। कोतवाली के गांव चांदनपुरा के बाहर सोमवार को मिला लावारिस शव एक कैंटर चालक का निकला। ऋषिपाल एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव धोलेश्वर जाटवपुर का रहने वाला था। वह 26 नवंबर की रात को अलीगढ़ की बीयर फैक्ट्री से अपने ट्रक में 1,000 पेटी बीयर लादकर देवरिया के चला था, लेकिन रास्ते में कैंटर को लूट लिया गया और चालक ऋषिपाल की हत्या कर कोतवाली क्षेत्र में डाल दिया गया।
मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाए, इसलिए उसके चेहरे को कई जगह से चाकू से काटा गया। मामले की रिपोर्ट कैंटर मालिक ने सात दिसंबर को एटा कोतवाली में दर्ज कराई थी। विवेचना के उपरांत ही पता चल पाएगा कि ऋषिपाल के साथ कब कहां, कैसे क्या हुआ। बता दें कि ऋषिपाल 26 नवंबर की रात को अलीगढ़ की बीयर फैक्ट्री से करीब 11 लाख रुपये कीमत की 1,000 कार्टन बीयर लादकर देवरिया के लिए चला था। उसने जाने से पहले अपने घर गांव धोलेश्वर जाटवपुर निधौली कलां (एटा) फोन भी किया कि वह रात्रि में जाते समय घर पर रुकेगा। कई दिन तक इंतजार करने के पश्चात भी जब ऋषिपाल का पता नहीं चला तो भागदौड़ शुरू हुई। कैंटर मालिक ने सात दिसंबर को एटा कोतवाली में गाड़ी गायब होने की रिपोर्ट भी कराई थी। तब से अब तक ऋषिपाल कहां रहा, यह रहस्य ही बना हुआ है। कहां उसकी गाड़ी लूटी गई। कैसे उसकी हत्या की गई। यह मामला विवेचना के पश्चात ही स्पष्ट हो पाएगा। गांच चांदनपुरा पर मिले चालक के शव को चाकू से गोदकर बिगाड़ा गया। वीभत्सता की हद तो तब हो गई, जब चालक की नाक तक काट ली गई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।