हाथरस। दिवाली से पहले परिवहन निगम द्वारा लागू की गई प्रोत्साहन योजना को दो दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब यह योजना 31 अक्तूबर तक संचालित रहेगी। निगम ने योजना को दो दिन बढ़ाने का निर्णय छठ पूजा को देखते हुए लिया है। परिवहन निगम ने पहले दिवाली प्रोत्साहन योजना को 19 से 26 अक्तूबर के लिए लागू किया था। उसके बाद बसों में लगातार उमड़ रही भीड़ को देखते हुए निगम ने प्रोत्साहन योजना की अवधि को 3 दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। बुधवार को इस योजना का अंतिम दिन था, लेकिन परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन एचएस गावा ने छठ पूजा महोत्सव को मद्देनजर रखते हुए इस योजना में दो दिन का और इजाफा कर दिया है। योजना में हाथरस डिपो ने अपनी सभी बसों को दौड़ा रहा है। बसें लंबे रूटों की अपेक्षा लोकल रुटों पर अधिक दौड़ाई जा रही हैं, फिर भी यात्रियों को बसों में कदम रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। बस स्टेशन प्रभारी वीरी सिंह ने बताया कि प्रोत्साहन योजना को दो दिन और बढ़ाया गया है। अब चालक-परिचालकों को 3,900 किमी तय करने पर एकमुश्त 4,550 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।