सिकंदराराऊ (हाथरस)। नगर निवासी एक व्यक्ति से बैंक कर्मी बनकर बात करने के बाद एक शातिर जालसाज ने न केवल उसके एटीएम कार्ड का पिन नंबर जान लिया, बल्कि उसका इस्तेमाल कर उनके खाते से 47,000 रुपये भी पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बता दें कि नगर निवासी अनिल कुमार के पास बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा के कर्मी के नाम से फोन आया कि आपका एटीएम गड़बड़ चल रहा है। इसे दुरुस्त कराने के लिए एटीएम का पिन नंबर बता दें तो कमी दूर कर दी जाएगी। इसके बाद आप एटीएम का आराम से प्रयोग कर सकेंगे। अनिल इन जालसाजों के झांसे में आ गया और उसने अपने एटीएम का पिन नंबर फोन करने वाले को बता दिया। इसके पश्चात उसके मोबाइल पर रुपये निकासी के कई मैसेज आने लगे, जिन्हें देखकर वह घबरा गया। उसने बैंक में जाकर खाते का बैलेंस चेक किया तो पाया कि अब तक उसे अज्ञात फोन कर्ता 47,000 रुपये का चूना लगा चुका है। मामले को लेकर कोतवाली में अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। बैंक कर्मी चक्रवर्ती पाठक के अनुसार एटीएम कार्ड का पिन नंबर अत्यंत गोपनीय होता है। ग्राहकों को सलाह भी दी जाती है कि वह किसी को इसकी जानकारी नहीं दें, बेशक वह बैंक कर्मी ही क्यों नहीं हो, फिर भी लोग ऐसे ठगों के चक्कर में आ जाते हैं।