सिकंदराराऊ। कोतवाली के गांव नकटपुरा में एक महिला और दो पुरुषों ने एक आठ वर्षीय बालक का अपहरण कर लिया। ग्रामीणों ने पूरे गांव की नाकेबंदी कर ली जिससे घबराकर बालक को रात में छोड़ दिया। इस मामले में ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
बता दें कि गांव निवासी तोताराम का 8 वर्षीय पुत्र चंद्र्रपाल शुक्रवार की सायं चबूतरे पर बैठ कर खाना खा रहा था। इसी बीच गांव निवासी महिला दो पुरुषों के साथ आई तथा लड़के का मुंह दबा कर अपहरण कर ले गई। परिजनों को जब बालक नहीं दिखाई दिया तो सनसनी मच गई। ग्रामीण इकट्ठे हो गये तथा निर्णय लिया गया कि पूरे गांव की नाकेबंदी कर दी जाए तथा हर घर की तलाशी ली जाए। मामले को लेकर कई घंटे हो गए। ग्रामीण इस दौरान बालक को तलाश करते रहे। देर रात्रि जब महिला को लगा कि अब भांडा फूटने वाला है तो उसने घबरा कर बालक को रिहा कर दिया। बालक ने महिला के विषय में परिजनों को सब कुछ बता दिया। प्रात: काल ग्रामीण एकत्रित होकर कोतवाली आए तथा महिला तथा दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की तह में पहुंचने के लिए जांच कर रही है।