हाथरस। धनतेरस और दिवाली पर्व पर शहर के सर्राफा कारोबारियों को इस वर्ष अच्छी दुकानदारी होने की संभावना है। पिछले साल सोने और चांदी पर आसमान छूने वाली महंगाई के तेवर इस बार कुछ ढीले हैं। पिछले वर्ष महंगाई के कारण सर्राफा कारोबारियों की काफी कम दुकानदारी हुई थी। लोगों ने चांदी और सोना खरीदकर केवल त्योहार की औपचारिकताएं ही पूर्ण की थीं, लेकिन इस वर्ष चांदी और सोने के दामों में काफी कमी आई है। सर्राफा कारोबारियों को त्योहार पर सोने और चांदी से बने आभूषणों के काफी ऑर्डर भी मिले हैं। जिन लोगों ने ऑर्डर बुक कराए हैं, वह धनतेरस और दिवाली पर अपने आभूषणों को दुकानदार से खरीदेंगे। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि बाजार में चांदी के डॉलर और कलश में लक्ष्मी-गणेश का सिक्का आने पर पुराने सिक्कों की डिमांड में काफी कमी आई है। लोग अब चांदी के डॉलर खरीदना ही अधिक पसंद कर रहे हैं। बाजार में 10 ग्राम से लेकर 200 और 500 ग्राम तक के डॉलर आए हैं।