हाथरस। कृषि उत्पादन मंडी समिति में चावल निर्यातक कंपनियों की खरीद शुरू होते ही धान के भावों में 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आया है। इससे मायूस किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट रही है। धान किसानों के लिए इस बार खरीफ सीजन काफी कष्ट दायक रहा। इस खरीफ सीजन में आवश्यकता के समय में किसानों को बारिश का पानी नहीं मिला। इन हालातों में जिन किसानों के पास अपनी धान की खेती करने के लिए निजी संसाधन नहीं थे। उन सभी को अपनी इस धान की फसल को उजाड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। लेकिन जिन किसानों के पास अपने संसाधन थे उनको भी अपनी फसल को सही सलामत पकाने में काफी मुसीबत झेलनी पड़ी हैं। इसके चलते किसानों को इस फसल में लागत भी पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक लगानी पड़ी। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष धान के बाजार भाव में आई कमी से किसान जूझ रहा है। लेकिन अब मंडी में धान खरीद में चावल निर्यातक कंपनियों के शामिल होने के बाद मंडी में धान के रेटा में सुधार हुआ है। सप्ताह के शुरूआती दिनों में मंडी में धान के भाव 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल थे। किंतु अब धान के भाव 2500 से 2600 के आस-पास पहुंच गए हैं। जिससे अब किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटने लगी है।