हाथरस। सर्द मौसम में हो रही ओवरलोडिंग से शहर में आए दिन ट्रांसफॉर्मरों कें फुंकने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को नगला बेलनशाह की वाल्मीकि बस्ती में लगा ट्रांसफॉर्मर तेज धमाके के साथ फुंक गया। इससे यहां पूरे दिन बिजली गुल रही। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सर्दी के दिनों में बढ़ रही ओवरलोडिंग से विद्युत महकमे को निजात नहीं मिल पा रही है। ट्रांसफॉर्मरों का लोड समान किए जाने के बाद भी ट्रांसफॉर्मर आए दिन फुंक रहे हैं। इसका खामियाजा न सिर्फ विद्युत विभाग को बल्कि जनता को भी झेलना पड़ रहा है। लोगाें को कई कई दिनों तक बिजली के दर्शन तक नहीं हो रहे हैं। रविवार को नगला बेलनशाह की वाल्मीकि बस्ती में सुबह 9 बजे पहले तो 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ गए। मौके पर पहुंचे कर्मियों ने जब ट्रांसफॉर्मरों को चेक किया तो उसमें धमाके के साथ आग लग गई। आग से ट्रांसफॉर्मर जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पूरे दिन बस्ती की बिजली गुल रही। विद्युत अवर अभियंता विनोद तोमर ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति शाम को सुचारु कर दी गई है।