हाथरस। भाजयुमो के बैनर तले बागला कॉलेज के मैदान पर चल रहे ‘नरेंद्र को नमन’ टी-ट्वेंटी क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइल मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। सैकड़ों लोगों की भीड़ ने सेमीफाइल मैच का लुत्फ उठाया। दूसरा सेमीफाइल मैच एसपी एकेडमी और सहारा इलेविन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में एसपी एकेडमी की टीम ने सहारा को पटखनी देकर फाइनल में जगह पक्की की। रविवार को एचसीए और एसपी एकेडमी के बीच फाइनल मुकाबला होगा। शुक्रवार को हुए दूसरे सेमीफाइल मैच का टॉस मुख्य अतिथि पीसी बागला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके बंसल और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपुल सिंघानिया ने उछलवाया। सहारा इलेविन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 109 रन बनाए। मैच में नितिन ने बेहतरीन पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में खेलने आई एसपी एकेडमी की टीम ने बाबू 21 और आशु 19 की बल्लेबाजी की बदौलत मैच को 3 विकेट से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। गुलजार और आशू ने 3-3 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार एसपी एकेडमी के कप्तान आशु को विपुल सिंघानिया, मीरा पचौरी, कमलकांत दोवरावाल ने दिया। अंपायरिंग कन्हैया पचौरी और गौरव पचौरी ने की, जबकि स्कोरिंग सौरभ और अंकित ने की। कॉमेंट्री प्रदीप गुप्ता ने की। व्यवस्था में सुनीत आर्य, अरुण वर्मा, शिवेंद्र चौहान, अमित शर्मा, गोल्डी, दीपक वार्ष्णेय, आशीष गुप्ता, गुड्डा, राजू शर्मा का सहयोग रहा।