हाथरस। ठगों ने सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लाला का नगला निवासी महिला मंजू पत्नी रमेश को शिकार बनाया। ठगों ने उन्हें रुमाल सुंघाकर उसे एक गड्डी थमा दी और उनके जेवरात और नकदी अपने कब्जे में ले ली। इस गड़्डी में महज एक नोट था और उसके नीचे सभी कागज के टुकड़े थे। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला मंजू देवी सासनी रेलवे स्टेशन के निकट स्थित अपने मायके जा रही थी। जब वह तालाब चौराहे पर आ रही थी। तभी ठगों ने उसे अपना निशाना बना लिया। मंजू ने बताया कि उनके साथ दो ठगों ने ठगी की। दोनों ठगों ने पहले तो उसके मुंह के सामने रुमाल घुमाया, जिसके बाद वह अपनी सुधि भूल गई। ठगों ने उसे रिक्शा में बिठाया और ओढ़पुरा स्थित एक गैस एजेंसी के निकट ले गए। वहां पर उन्होंने एक गड्डी दी और कहा कि अपने आभूषण उतारकर दे दो। उसने सोने के कुंडल, चांदी की पायजेब और पर्स में रखे दो हजार रुपये ठगों को दे दिए। ठगों ने इस महिला को दोबारा रिक्शा में बिठाया और तालाब चौराहे पर छोड़ कर भाग गए। महिला बदहवास हालत में घर पहुंची, जहां जाकर वह बेहोश हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। वहां उपचार के बाद वह ठीक हो सकी। पुलिस को घटना से अवगत करा दिया गया है।