हाथरस। शहर में लगने वाले जाम को लेकर डीएम के तेवर तल्ख दिखाई दिए। सोमवार को वह अधिकारियों के साथ सड़क पर उतरे। डीएम ने कुछ अतिक्रमण हटवाए तो कुछ को सख्त चेतावनी भी दी। शहर को जाम से कैसे मुक्ति मिले, इस बारे में भी बिजली विभाग से लेकर नगर पालिका तक के अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने दलबल के साथ शहर के कई मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। मथुरा रोड पर मधुगढ़ी से उन्होंने कुछ अतिक्रमण हटवाए। कुछ तख्त और तिरपाल चल रहे नगर पालिका के ट्रैक्टरों में लाद दिए गए। डीएम वहीं एक नर्सिंग होम के बाहर पहुंच गए। उसके बाहर काफी वाहन खड़े थे। इस पर डीएम ने चेतावनी दी और अंदर ही वाहनों की पार्किंग कराने को कहा। निकट ही कबाड़े की दुकान के स्वामियों को भी उन्होंने सड़क पर रखे कबाड़े को हटाने की सख्त चेतावनी दी। इस अभियान के चलते मथुरा रोड से काफी दुकानदारों ने अपने सामान को दुकानों के अंदर कर लिया। मिस्त्रियों ने भी वाहन हटा लिए। उसके बाद डीएम तालाब चौराहे पर पहुंचे। वहां उस समय जाम लगा था। उन्होंने तालाब चौराहे की स्ट्रीट लाइट के बारे में जानकारी ली। साथ ही रैन बसेरा में दरवाजा लगवाने के निर्देश एसडीएम को दिए। तालाब चौराहे के निकट ही एक पेड़ है। इस पेड़ को भी कटवाने के लिए डीएम ने निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि नो पार्किंग जोन में जो वाहन खड़े हों, उनका चालान कर दिया जाए। डीएम ने निरीक्षण में यह भी देखा कि बिजली के खंभे सड़क के काफी नजदीक लगे हैं तो उन्होंने अपने साथ मौजूद विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंभों को पीछे कराया जाए, जिससे रास्ता और चौड़ा हो सके। उसके बाद अलीगढ़ रोड पर उन्होंने निरीक्षण के दौरान कई वाहनों को नो पार्किंग जोन में खड़ा हुआ पाया तो उनके निर्देश पर टीएसआई ने इनके चालान कर दिए। उन्होंने वहां से भी क ई अतिक्रमण हटवाए और कई दुकानदारोें को सख्त हिदायत भी दी। कुछ स्थानों पर नालों की पुलिया बनवाने के लिए भी कहा। डीएम के साथ एडीएम उदयीराम, एसडीएम सदर धर्मेंद्र कु मार, सीओ सिटी आरएस चौहान, बिजली विभाग, नगर पालिका सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।