हाथरस। सिकंदराराऊ में चार दिन पूर्व कालाबाजारी के शक में पकड़े गए सरकारी अनाज को प्रशासन ने अब खाद्य एवं रसद विभाग की सुपुर्दगी में दे दिया है। इस अनाज के खराब होने की आशंका को देखते हुए आपूर्ति विभाग ने इसके निस्तारण के लिए डीएम से परमीशन मांगी है। एसडीएम सिकंदराराऊ ने पांच दिन पूर्व कस्बे के ईदगाह रोड पर चेकिंग के दौरान गेहूं के बोरों से लदी बुग्गी पकड़ी थी। इस बुग्गी में 40 बोरों में करीब 20 क्विंटल गेहूं लदा हुआ था। इन बोरों पर खाद्य एवं रसद विभाग की मुहर लगी हुई थी, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि यह गेहूं राशन की दुकान का है और कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा है। चालक बुग्गी को छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिससे यह पता नहीं चल पाया कि यह गेहूं किस दुकान का था और कहां ले जाया जा रहा था। हालांकि बाद में डीएम के आदेश पर इस मामले में आपूर्ति निरीक्षक ने बुग्गी चालक के खिलाफ धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया था। अब प्रशासन ने पकड़े गए 20 क्विंटल गेहूं को वरिष्ठ विपणन निरीक्षक खाद्य सिकंदराराऊ की सुपुर्दगी में दे दिया है। आपूर्ति विभाग इस बारे में अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज रहा है, जिसमें धारा 6 ए के तहत इस गेहूं के निस्तारण की परमीशन डीएम से मांगी जा रही है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि ज्यादा दिनों तक लावारिस अवस्था में रहने से इस गेहूं के सड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। डीएम की परमीशन के बाद इस गेहूं को नए सिरे से राशन में वितरण के लिए जारी किया जा सकेगा।