सहपऊ/हाथरस। पुलिस ने 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर हाल में ही हुई कई वारदातों के खुलासे का दावा किया है। पुलिस ने इनके पास से सीर व सोखना में पड़ी डकैती का सामान और एक मार्शल गाड़ी भी बरामद की है। इनसे चोरी का काफी तार भी पुलिस को मिला है। रविवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि सादाबाद-सहपऊ रोड स्थित नगला ब्राह्मणान के निकट कुछ कुछ लोग किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस पर सहपऊ और सादाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सात बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने तीन तमंचे, एक देशी बंदूक के साथ भारी मात्रा में कारतूस, दो चाकू, एक मार्शल गाड़ी बरामद की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पकड़े बदमाशों ने अपने नाम सुरेश पुत्र बन्नी सिंह, ओमा पुत्र फतेह सिंह, लेखराज पुत्र मखन सिंह, राजेश पुत्र डंबर सिंह, महेश पुत्र देवी राम, धर्मा पुत्र लाला निवासी बाघ बधिक थाना सहपऊ व लक्ष्मी कांत पुत्र अशोक शर्मा निवासी धाधऊ थाना सहपऊ बताया है। इस संबंध में सहपऊ थानाध्यक्ष विजय कुमार का कहना है सभी शातिर बदमाश हैं। इनके खिलाफ जिले के कई थानों में चोरी और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन्हीं बदमाशों ने पिछले दिनों हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव सीर व सोखना में डकैती डाली थी। सीर में बदमाश एक वाटर वर्क्स कर्मचारी के घर से लाखों की डकैती डालकर ले गए थे। इसके अलावा सोखना में भी दो घरोें में लूटपाट की थी। पुलिस ने वहां से लूटा गया कुछ माल भी इनके पास से मिला है।