न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
ईटीपीवीएस के माध्यम से अब तक जिला प्रशासन को हाथरस संसदीय सीट पर 5856 मत प्राप्त हो गए हैं। आयोग के निर्देशों पर इस बार ईटीपीवीएस से सर्विस मतदाताओं और आर्मी में तैनात जवानों से मतदान कराया गया है। प्रशासन की ओर से इन मतों की गणना को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
ईटीपीवीएस के माध्यम से संसदीय क्षेत्र के सर्विस व आर्मी में तैनात मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव में भी अपनी हिस्सेदारी की है। अब तक जिला प्रशासन को संसदीय क्षेत्र के 5856 मतदाताओं के मत ईटीपीवीएस के माध्यम से प्राप्त हो चुके हैं। यह मत मतगणना की सुबह तक ऑनलाइन माध्यम से मतदाता प्रशासन को भेज सकता है।
जिला प्रशासन की ओर से इन मतों को 17 टेबिलों पर क्यूआर स्कैनर की मदद से स्कैन किया जाएगा। इन मतों में से स्कैनर की मदद से गणना योग्य मत व गणना अयोग्य मतों को अलग-अलग किया जाएगा। इसके बाद गणना योग्य मतों को एकत्रित कर गणना की जाएगी। प्रशासन की ओर से इन मतों की गणना को लेकर कार्मिकों को प्रशिक्षण भी दे दिया गया है।