न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में पेपरलेस मोबाइल टिकट की सुविधा शुरू कर दी गई है। अब यात्री अपने मोबाइल से यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बना सकते है। पिछले कई दिनों से विभागीय अधिकारी अनारक्षित पेपरलेस टिकट की सुविधा शुरू करने की तैयारियों में जुटे हुए थे।
अब यात्री यूटीएस मोबाइल ऑन ऐप को डाउनलोड करके अपना सामान्य यात्रा टिकट, वापसी यात्रा टिकट, प्लेटफार्म टिकट और सीजन टिकट स्वयं बुक कर सकते हैं। सीजन टिकट की वैधता टिकट काटे जाने के एक दिन बाद होगी। इसके लिए यात्रियों कोस्टेशन पर लंबी लाइन में खड़े होने आवश्यकता नहीं है। मोबाइल से टिकट बनने के बाद सीधे ट्रेन में यात्रा की जा सकती है।
ऐसे होगी टिकट बुक
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपको अपने स्मार्टफोन में यूटीएस मोबाइल ऑन ऐप डाउनलोड करना होगा और अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए नाम, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि अंकित करनी होगी। एक मोबाइल नंबर पर एक ही पंजीकरण होगा ।
----------------
स्टेशन, ट्रेनों में बैठकर नहीं बना सकेंगे टिकट
यूटीएस ऑन मोबाइल एप को जीपीएस आधारित बनाया गया है। यह एप स्टेशन परिसर एवं टे्रनों के अंदर अंदर काम नहीं करेगा। कोई भी व्यक्ति ट्रेन में बैठकर या स्टेशन परिसर में खड़े होकर इस एप के जरिए टिकट प्राप्त नहीं कर पाएगा।
-------------------------
स्टेशन से पांच किमी की परिधि में बनेगी टिकट
पेपरलेस टिकट बनाने के लिए यात्रियों को उस स्टेशन से 25 मीटर से पांच किलोमीटर की परिधि में होना आवश्यक है। जिस रेलवे स्टेशन से यात्रा प्रारंभ करनी है। यात्रा के बाद टिकट स्वत: ही मोबाइल से हट जाएगा। इसका स्क्रीन शॉट भी नहीं लिया जा सकता है। यात्रा टिकट एक बार बन जाने के बाद रद नहीं होगा।