न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। बृज क्षेत्र के प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज मे इस बार गधा सर्कस आएगा, जो आपका भाग्य बताएगा। मेले में कई साल बाद सर्कस का आना तय है। मेला परिसर में दुकानों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। परिसर में ठेकेदार द्वारा सात जगह पर सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे। रंगाई-पुताई और अन्य कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
मेला श्रीदाऊजी महाराज की शुरुआत 13 सितंबर से होने जा रही है। मेला परिसर में शिविरों का सौंदर्यीकरण और अन्य काम तेजी से चल रहा है। इस बार मेले में कई साल बाद गधा सर्कस आ रहा है। यह सर्कस लोगों का भाग्य बताएगा। यह सर्कस गुजरात का है। इस समय यह दिल्ली में लगा हुआ है। जल्द मिनी सर्कस मेला परिसर में आएगा। मेला परिसर के मुख्य द्वार से लेकर कई जगह सात सेल्फी पाइंट बनाए जाएंगे।
दंगल और मेला पंडाल में बेरीकेटिंग के लिए लोहे की जालियां लगाई जा रही हैं। मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया जा रहा है। मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि लगी लाइट की सजावट की जा रही है। मंगलवार से मेला पंडाल की रंगाई-पुताई की शुरुआत होगी। इस बार परिसर में दुकानों की संख्या में इजाफा हुआ है। जहां जादूगर शो लगता था, वहां दुकानें लगाई जा रही हैं। कई दुकानदारों ने मेला परिसर में डेरा डाल दिया है। वह दुकानों को सजाने में जुटे हैं। ठेकेदार द्वारा परिसर में बिजली की लाइन आदि डाली जा चुकी है। सुरक्षा की दृष्टि से पोलों पर प्लास्टिक की थैली लगाई गई है।
------
वर्जन
मेले में मिनी गधा सर्कस आ रहा है, जो लोगों का भाग्य बताएगा। गुजरात का सर्कस है। इस समय दिल्ली में लगा है। जल्द सर्कस मेला परिसर में आएगा।
-टीपू यादव, मेला ठेकेदार