क्षेत्र के गांव नगला पूठा-कुरावली के निकट समूह फाइनेंस का काम करने वाले एक युवक से बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर सवार तीन लोग बैग में रखे 91,700 हजार रुपये लूटकर ले गए। इसकी शिकायत मुरसान पुलिस से की गई है।
हरेंद्र पुत्र साहूकार निवासी गांव भूरंगा थाना इगलास हाल निवासी प्रगतिपुरम सादाबाद क्षेत्र में एक वित्तीय सहायता देने वाले समूह के लिए काम करता है। हरेंद्र गांव-गांव जाकर धनराशि की उगाही करता है। बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे वह गांव सुरतिया-सेनपुर सहित अन्य जगहों से होते हुए नगला पूठा के पास पहुंचा तो दो लोग रास्ते में बैठे हुए मिले।
पीछे एक अपाचे बाइक पर सवार युवक ने टक्कर मारकर हरेंद्र को गिरा दिया और रास्ते में बैठे दो लोगों ने तमंचे के बल उससे पैसों से भरा बैग छीन लिया और आगे चले। लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। मामला मुरसान व सादाबाद कोतवाली के बीच का होने के कारण दोनों थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। इस दौरान हरेंद्र ने जब गांव पूठा के निकट घटनास्थल बताया तो मुरसान पुलिस छानबीन में जुट गई। सीओ सादाबाद गोपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित से पूछताछ की।